प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार गंभीर : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के लोगों ने इस बार उजाले, वैभव और मिलन के पर्व दीपावली को दिल से और तनावमुक्त होकर मनाया और सालों बाद दीपावली पर इस बार दिल्ली की रौनक, आभा और जगमगाहट अलग ही दिखी।

रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार प्रदूषण को लेकर चिंतित है और इसकी रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय कर रही है। उन्होंने दिल्ली के लोगों की भी प्रशंसा की जिन्होंने इस पर्व पर प्रदूषण के बजाय उल्लास को प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री के अनुसार सालों बाद दिल्ली वालों को ऐसी दीपावली मनाते देख उन्हें संतोष और आनंद का अनुभव हुआ।

उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले और दीपावली तक पूरी दिल्ली का वातावरण अलग ही रंग में दिखा। बाजारों में खूब रौनक रही। खरीदारी के लिए लोग बाजारों में गए और लोगों ने अपने घरों को चमकाने के लिए खूब मेहनत की।

दिल्ली वालों को पहले से ही आभास था कि इस बार दिल्ली में ऐसी सरकार है जो सनातन परंपरा के साथ-साथ तत्कालीन आवश्यकताओं और भावनाओं का भी ध्यान रखती है। लोगों ने दिल्ली सरकार पर विश्वास व्यक्त किया और दिल से दीपावली मनाने के लिए जुट गए। वर्षों बाद ऐसा हुआ कि दीपावली से पहले तक दिल्ली का प्रदूषण बहुत नियंत्रित रहा, उसका कारण यह था कि उसे नियंत्रित करने के लिए हमारी सरकार प्रभावी उपाय कर रही थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार चाहती थी कि दीपावली पर्व पर ग्रीन पटाखे चलाने की इजाजत दी जाए इसलिए हमने उच्चतम न्यायालय से निवेदन किया। शीर्ष अदालत ने देश की सांस्कृतिक संवेदनाओं और जनभावनाओं को समझते हुए ग्रीन पटाखों के सीमित उपयोग पर सहमति व्यक्त की। दिल्लीवासी करीब सात सालों से इस पर्व को लेकर उहापोह की स्थिति में थे।

पहले उच्चतम न्यायालय ने बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए पटाखों पर सीमित प्रतिबंध लगाना शुरू किया। इस दौरान दिल्ली की पूर्व सरकार ने प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए कोई प्रभावी उपाय तो नहीं किए और दीपावली पर पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। इसका परिणाम सकारात्मक नहीं रहा क्योंकि दिल्ली में अवैध रूप से लाए पटाखे चले, जिसने दिल्ली का प्रदूषण गंभीर रूप से दूषित किया।

इस बार दिल्लीवासियों के लिए दीपावली का पर्व अत्यंत खुशियां लेकर आया। उन्होंने दीये जलाए, रंगोली बनाई और मिठाइयां तो बांटी ही साथ ही ग्रीन पटाखों का प्रयोग कर धरती और आसमान दोनों को जगमग कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण को लेकर हमारी सरकार शुरू से ही गंभीर थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए सरकार कई प्रभावी उपाय कर रही है ताकि आमजन विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों का स्वास्थ्य सामान्य रहे। प्रदूषण को रोकने और पर्यावरण को बेहतर बनाए रखने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक 10,000 इलेक्ट्रिक बसें चलाना है।