धौलपुर। राजस्थान में धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कोटला मोहल्ले में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी के साथ हुई गोलीबारी से क्षेत्र में तनाव फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिप गये। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक हथियार लहराते हुए गोलीबारी करते दिख रहे हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच घटनास्थल का जायजा लेकर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया है।



