नई दिल्ली। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर रविवार से 29 रुपए महंगा हो गया है। इस बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 942 रुपए का हो गया है। हालांकि वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले 19 किलोग्राम के सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद से घरेलू रसोई गैस के दाम दूसरी बार बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 7 मार्च को इसमें 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।
इस दौरान, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में भारी-भरकम वृद्धि हो चुकी है। गत 1 जून को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपए बढ़ाकर 3,113.50 रुपए कर दी गई थी।
पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद से दिल्ली वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम 1,373 रुपए बढ़ चुके हैं। इस साल फरवरी में इसकी कीमत 1,740.50 रुपए थी।
रसोई गैस दर बढ़ाकर जनता को लूट रही है सरकार : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाने को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि वह अब रसोई गैस के बहाने जनता को लूट रही है और 12 साल में उसने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 530 रुपए की वृद्धि की है।
खरगे ने रविवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि मोदी सरकार ने पिछले चार महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में 89 रुपए की बढ़ोतरी की है। संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर 41 देशों से ईंधन विविधीकरण (फ्यूल डाइवर्सिफिकेशन) की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी एलपीजी की किल्लत बनी हुई है।
उन्होंने सवाल किया कि 2025-26 में उज्ज्वला योजना के 5.56 करोड़ परिवारों ने केवल एक बार या एक भी बार रिफिल नहीं कराया। इनमें से 3.30 करोड़ परिवारों ने तो एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं लिया। उन्होंने पूछा कि क्या यह स्थिति सरकार की नीतियों और बढ़ती कीमतों का परिणाम नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेता और मोदी पहले महंगाई के मुद्दे पर यूपीए सरकार को घेरते थे, लेकिन अब घरेलू एलपीजी की कीमतों में लगातार वृद्धि के बावजूद भाजपा के नेता चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जो नेता पहले महंगाई के विरोध में सिलेंडर लेकर सड़कों पर बैठते थे, वे अब विरोध क्यों नहीं कर रहे हैं।
खरगे ने कहा कि बढ़ती महंगाई और रसोई गैस की ऊंची कीमतों का सबसे अधिक असर गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है और सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय संकट घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि का कारण : शेखावत
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि यह किसी सरकार की इच्छा से नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ी वैश्विक चुनौती और अंतरराष्ट्रीय संकट के कारण हुआ है।
शेखावत रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया से रू-ब-रू हो रहे थे। उन्होंने वैश्विक आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान में पूरे विश्व भर में पेट्रोलियम उत्पादाें के दाम 30 प्रतिशत से लेकर 130 प्रतिशत तक बढ़े हैं, जबकि एलपीजी और सीएनजी के दाम दुनिया भर में 30 प्रतिशत से लेकर 300 प्रतिशत तक बढ़ चुके हैं। इस अंतरराष्ट्रीय संकट के कारण पूरी वैश्विक आपूर्ति बाधित हुई है, जिसका असर सभी देशों पर पड़ रहा है।



