घरेलू एलपीजी सिलेंडर 60 रुपए, वाणिज्यिक सिलेंडर 114.50 रुपए महंगा

0

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल तथा गैस की कीमतों में भारी वृद्धि और डॉलर की तुलना में रुपए में जारी गिरावट के कारण तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार से रसोई गैस (एलपीजी) के दाम बढ़ा दिए हैं।

देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट के अनुसार, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में आज से 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई है जबकि 19 किलोग्राम वाला वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर 114.50 रुपए महंगा हो गया है।

दिल्ली में 7 मार्च से घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपए का मिलेगा। यह जुलाई 2023 के बाद का उच्चतम स्तर है। कोलकाता में इसकी नयी कीमत 939 रुपए, मुंबई में 912.50 रुपए और चेन्नई में 928.50 रुपए हो गई है।

घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 11 महीने बाद कोई बदलाव किया गया है। इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को इसकी कीमत 50 रुपए बढ़ाकर 853 रुपए प्रति सिलेंडर की गई थी।

वाणिज्यिक रसोई गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 1,768.50 रुपए से बढ़कर अब 1,883 रुपए हो गयी है जो अप्रैल 2023 के बाद सबसे अधिक है।
वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर लगातार चौथी बार महंगा हुआ है। छह दिन पहले 1 मार्च को भी दिल्ली में इसके मूल्य में 28 रुपए की वृद्धि की गई थी।

कोलकाता में आज से 19 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर 1,990 रुपए का, मुंबई में 1,835 रुपए का और दिल्ली में 2,43.50 रुपए का हो गया है। चारों महानगरों में रसोई गैस के दाम में एक समान वृद्धि की गई है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण कच्चे तेल और गैस का उत्पादन तथा वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई है। इससे इनकी कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। साथ ही रुपया भी ऐतिहासिक निचले स्तर पर है। दोनों कारकों को देखते हुए कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है।