हनुमानगढ़ में नशा तस्कर की एक करोड़ रुपए की आलीशान कोठी फ्रीज

1

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने मंगलवार को कुख्यात नशा तस्कर और शातिर बदमाश इरफान खान उर्फ फान की आलीशान कोठी फ्रीज कर दी।

इस कोठी की वर्तमान बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि इरफान खान के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के अलावा हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों के कुल 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पिछले कई वर्षों से नशा तस्करी के रैकेट में सक्रिय रहा है। उसकी आय का कोई वैध स्रोत नहीं पाया गया। जांच में सामने आया कि नशा तस्करी और बिक्री से कमाये गये धन से ही उसने यह शानदार मकान बनवाया था।

उन्होंने बताया कि उसकी नशा तस्करी से अर्जित हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में चक 11-आरपी लक्खूवाली स्थित उसकी 3429 वर्ग फुट जमीन पर बनी आलीशान कोठी को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज कर दिया गया।