एक पेड मां के नाम : हरियाली तीज पर वन देवी वृक्ष कुंज में रोपे 500 पौधे

अजमेर। अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र विधायक अनिता भदेल के नेतृत्व में हरियाली तीज के शुभ अवसर पर एक पेड मां के नाम अभियान के अंतर्गत वार्ड 55 स्थित वन देवी वृक्ष कुंज, एमडी कॉलोनी नाका मदार में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साह के साथ भाग लेकर लगभग 500 पौधे लगाए।

इस अवसर पर विधायक भदेल ने कहा कि वार्ड 55 की आम जनता का सहयोग इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में रहा जिससे यह वृक्षारोपण कार्यक्रम सफल रहा। लगभग 500 पेड लगाए गए जिनमें नीम, पीपल, शीशम, कुरून्ज, बड, जंगल जलेबी सहित अन्य का पौधरोपण किया गया।

विधायक भदेल ने बताया कि एक पेड मां के नाम थीम पर लोगों द्वारा उनकी बुजुर्ग माताओं को कार्यक्रम में लाया गया ओर उनके द्वारा पौधारोपण करवाया। बडी संख्या में लोगों ने यहां पौधे लगाए। भदेल ने कहा कि इस वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि मातृत्व को सम्मान देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है। इन्हें रोपने के साथ सुरक्षा और पालनपोषण की जिम्मेदारी भी हर किसी की होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के माध्यम से हम न केवल पर्यावरण की रक्षा कर रहे हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुनिश्चित कर रहे हैं। यदि वन नहीं रहेगा तो हम नहीं रहेंगे। इसीलिए जंगल और पेड़ों का संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। इन्हें रोपने के साथ सुरक्षा और पालनपोषण की जिम्मेदारी भी हर किसी की होनी चाहिए।

पूर्व में लगाए गए पौधों को देख कर खुशी जताते हुए विधायक भदेल ने बताया कि ये अब हरेभरे वृक्षों में बदल चुके हैं। पौधारोपण के दृढ़ प्रयासों से धीरे-धीरे वन देवी गार्डन हरियाली की पहचान बनता जा रहा है। इस अभियान से कार्बन उत्सर्जन में कमी, स्थिर जलवायु, और स्थानीय जीवन-शैली में सुधार जैसी सकारात्मक परिणाम मिलने की उम्मीद है।

विधायक ने कहा कि पर्यावरण को प्रदूषण से रोकना है तो पेड़ पौधे लगाना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर पेड़ पौधे हमें फल और छाया देते हैं, वहीं पेड़ पौधों से हमें विभिन्न प्रकार की औषधियां मिलती हैं। चाहे कोई भी दवा हो, कहीं न कहीं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वनस्पतियों से जुड़ी हुई होती है। भदेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की इस पहल ने राजस्थान में वृक्षारोपण को भाव, लक्ष्य और समुदाय-सहभागिता के साथ जोड़ दिया है।

उन्होंने बडी संख्या में हुए वृक्षारोपण के लिए क्षेत्रवासियों का आभार प्रकट किया ओर कहा कि हमें अपने लिए ओर आने वाली पीढी के लिए पौधरोपण करना ही चाहिए। आवास कॉलोनियों, मुख्य मार्ग, पार्कों के आस-पास में सरकारी भवनों, अस्पताल, स्कूल आदि के चारों ओर पौधारोपण स्थलों के रूप में आदर्श होते हैं। इन जगहों से हवा की शुद्धि, छाया एवं सामूहिक आकर्षक हरियाली को बढ़ावा मिलता है।

इस अवसर पर कलक्टर लोक बंधु, सुरेन्द्र सिंह शेखावत, जिला मंत्री राजेश घाटे, वार्ड पार्षद रजनीश चौहान, आदर्श मण्डल अध्यक्ष हितेश डाबरिया, पार्षद हेमन्त सांखला, संदीप माखीजानी, सुन्दर टांक, विनोद बागोरिया, गजेन्द्र, चेतन माली, रोहित सोगरा, भारत भूषण, संदीप सलूजा, सीमा गोस्वामी, मंजू शर्मा, बीना टांक, रेनू शर्मा, शारदा शर्मा, स्वाति, इन्द्रवीर सिंह, नील मित्तल, नीता खन्ना, महावीर सिंह, जगदीश यादव सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी मौजूद थे।