भीलवाड़ा में 20 लाख रुपए लूट की साजिश का पर्दाफाश, तीन आरोपी अरेस्ट

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में 29 जून को हुई 20 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने पर्दाफाश करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आरोपियों में नेशनल फ्रूट कंपनी का ही एक कर्मचारी शामिल है। गत 29 जून को सूचना मिली थी कि कंपनी के कर्मचारी से लूट हो गई है। उसने पुलिस को बताया था कि वह 20 लाख रुपए बैंक में जमा कराने जा रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर आए मुंह पर सफेद कपड़ा बांधे दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी एक्टिवा को टक्कर मारी और रुपयों से भरा बैग और मोबाइल छीन कर ले गए।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के बाद पुलिस ने लूट की कहानी बताने वाले कर्मचारी नारायण सिंह, उसके भाई रघुवीर उर्फ राजवीर और रघुवीर के दोस्त विशाल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि इन्होंने सोशल मीडिया और फिल्मों को देखकर पिछले 15 दिनों से इस लूट की योजना बनाई थी और आपसी मिलीभगत से वारदात को अंजाम दिया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश करके लूटी गई राशि बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस के अनुसार इन आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।