श्रीगंगानगर में छापा मारने गए आबकारी निरोधक दल पर हमला

0

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में सीमावर्ती चक 30-एपीडी में मंगलवार को अवैध शराब बिकने की सूचना मिलने पर छापा मारने गये आबकारी निरोधक पुलिस दल पर लोगों ने हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में देर रात अनूपगढ़ थाने पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अनूपगढ़ में आबकारी निरोधक दल में प्रहराधिकारी विजेंद्रसिंह जाट (51) की शिकायत के आधार पर सुरेंद्रसिंह, दानासिंह, युवी,वीरू नायक और करीब 15 महिलाओं के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि एक सूचना के आधार पर आबकारी निरोधक दल चक 30-एपीडी में सुरेंद्रसिंह रायसिख के मकान पर छापा मारने गये था। वहां सुरेंद्रसिंह,दानासिंह युवी रायसिख, वीरू नायक तथा 10-15 महिलाओं और पुरुषों ने अचानक गाड़ी पर हमला कर दिया। गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।

अवैध जल कनेक्शन रोकने गए कनिष्ठ अभियंता से हाथापाई

श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में एक कबाड स्टोर के मालिक और उसके साथियों द्वारा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के कनिष्ठ अभियंता और उनके साथ आए कर्मचारियों से हाथापाई, मारपीट करने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि कनिष्ठ अभियंता हेमराज बरोलिया (29) की शिकायत के आधार पर गौशाला के नजदीक जयदेव कबाड स्टोर के मालिक और उसके चार-पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप भी लगाया गया है।

रिपोर्ट में हेमराज ने बताया है कि वह उक्त कबाड़ स्टोर का निरीक्षण करने के लिए गया था। कबाड स्टोर के मालिक ने सरकारी पाइप लाइन में अपने स्तर पर अवैध/अनियमित आकार का जल कनेक्शन किया जा रहा था। उसे जब घरेलू जल कनेक्शन को व्यावसायिक जल कनेक्शन के रूप में इस्तेमाल करने से रोका गया तो उसने और उसके चार-पांच साथियों ने हाथापाई और मारपीट की।