चित्तौड़गढ़ : भाजपा नेता का शव कलेक्ट्रेट परिसर रखकर किया प्रदर्शन

चित्तौड़गढ़। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ शहर में मंगलवार को व्यवसायी एवं भारतीय जनता पार्टी नेता की गोली मारकर की हत्या के बाद बुधवार को आक्रोशित लोगों ने शव कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर रखकर चार घंटे तक प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी अनुसार मंगलवार दोपहर शहर के व्यस्त मार्ग पर एक बाइक सवार बदमाश ने कुरियर व्यवसायी भाजपा नेता रमेश ईनाणी को घायल कर दिया था जिनकी कल शाम उदयपुर में उपचार के दौरान मौत होने और रिपोर्ट में एक प्रमुख संत पर भूमि विवाद के चलते सुपारी देने का उल्लेख करने पर संत की गिरफ्तारी एवं हत्या के विरोध में व्यापारियों ने आधे दिन का बंद रखकर गोल प्याऊ से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में व्यापारी, मृतक के परिजन एवं माहेश्वरी समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शकारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया।

इस बीच, शव उदयपुर से सीधे मृतक के घर ले जाने की जानकारी मिलने पर आक्रोशित लोगों ने रेल्वे फाटक के समीप पुलिस और एम्बुलेंस को घेर लिया। यहां पुलिस से गहमागहमी हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ आक्रोश जताते हुए नामजद संत को बचाने के आरोप लगाये। करीब चार घंटे तक जिला कलेक्टर आलोक रंजन पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के साथ तीन दौर की वार्ता के बाद लोग शांत हुए और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम ने बताया कि ईनाणी को गोली मारने वाले शूटर मनीष दुबे निवासी सुंदरपुर, बनारस (उत्तर प्रदेश) को शाम को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे पांच दिन पुलिस हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल मय तीन कारतूस बरामद किए हैं और उसे ईनाणी की हत्या की सुपारी देने वाले के बारे में पूछताछ की जा रही है।