उज्जैन में चिता पर शव के साथ कृत्य का वीडियो वायरल करने वाला आरोपी अरेस्ट

0

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में जीवाजीगंज थाना क्षेत्र स्थित चक्रतीर्थ श्मशान घाट पर चिता पर जल रहे मानव शव के साथ कथित अमानवीय एवं आपत्तिजनक कृत्य कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार साडूमाता की बावड़ी के आगे आउटर रिंग रोड निवासी काली उर्फ नंदीगिरी शिवविष्णुब्रह्मा ने 30 अगस्त को चक्रतीर्थ श्मशान घाट पर चिता पर जल रहे मानव शव के साथ कथित रूप से अमानवीय कृत्य किया और उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस मामले में विष्णुनाथ महाराज गुरु बम-बम नाथ की रिपोर्ट पर जीवाजीगंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। शिकायत में मानव शव की अवहेलना किए जाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की बात कही गई थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी काली उर्फ नंदीगिरी शिवविष्णुब्रह्मा को चक्रतीर्थ से गिरफ्तार कर थाने लाया, जहां उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में विवेचना जारी है और विवेचना पूर्ण होने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

शवों से छेड़छाड़ अघोर साधना का हिस्सा नहीं : अखाड़ा परिषद

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के हस्तक्षेप के बाद उज्जैन के चक्रतीर्थ श्मशान में शवों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और मांस भक्षण के मामले में पुलिस ने कथित किन्नर अघोर तांत्रिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत हरि गिरी महाराज ने सोशल मीडिया पर सामने आए मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा को पत्र लिखा था। इसके बाद मंगलवार सुबह अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने हरिद्वार से शर्मा से फोन पर चर्चा की। उन्होंने साधु-संतों का भेष बनाकर मांस भक्षण जैसे कृत्य करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

महंत हरि गिरी महाराज ने पत्र में कहा कि कथित किन्नर तांत्रिक द्वारा किया गया कृत्य सनातन परंपरा का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि वास्तविक साधु-संत अघोर साधना में भी इस प्रकार का कृत्य नहीं करते। उन्होंने आरोपी को मानसिक रूप से बीमार बताते हुए कहा कि साधु-संतों का नाम और भेष बनाकर ऐसे कृत्य करने वाले लोग समाज और सनातन धर्म के लिए कलंक हैं तथा इनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।

उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने मंगलवार शाम डॉ. रविंद्र पुरी महाराज को बताया कि जीवाजीगंज थाने में आरोपी कथित किन्नर अघोर तांत्रिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अखाड़ा परिषद ने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन किया है।