सूरतगढ़ में इलेक्ट्रिक स्कूटर शो रूम में आग लगी

1

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ शहर में हनुमानगढ़ बायपास मार्ग पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटी शोरूम में मंगलवार को आग लगने से लाखों रुपये की स्कूटी नष्ट हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह साढ़े आठ बजे पड़ोस का एक दुकानदार अनिल मुंजाल अपनी दुकान पर आया तो उसने पास में ही वर्मा इलेक्ट्रिक मोटर्स शोरूम के शटर के नीचे से धुआं निकलते हुए देखा। उसने तुरंत शोरूम के मालिक को महेंद्र वर्मा को फोन पर जानकारी दी। महेंद्र वर्मा तत्काल शोरूम पर पहुंच गए। उन्होंने जैसे ही शटर खोला अंदर से आग की लपटें दिखाईं दीं।

तुरंत दमकल को सूचना दी गई। मौके पर मौजूद लोग उसी समय आग बुझाने में लग गए। दमकल कर्मियों ने पूरी तरह से आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि शोरूम में 25 इलेक्ट्रिक स्कूटर थे जो सभी जलकर नष्ट हो गए। शोरूम को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

बताया जा रहा है कि रात को किसी समय शोरूम के अंदर किसी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो जाने से आग लगी और अंदर ही अंदर आग सुलगते रही।
उल्लेखनीय है कि अभी कुछ अर्सा पहले ही जिले के अनूपगढ़ शहर में भी इसी प्रकार एक इलेक्ट्रिक स्कूटर के शोरूम में भीषण आग लग गई थी।