राजस्थान पुलिस का संडेज ऑन साइकिल महाअभियान आयोजित

0

जयपुर। राजस्थान पुलिस के नेतृत्व में रविवार को प्रदेशभर में संडेज ऑन साइकिल अभियान का एक विशेष संस्करण आयोजित किया गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना जगाने के उद्देश्य से आयोजित इस राज्यव्यापी कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों और आम जनता सहित रिकॉर्ड 18 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

इसका मुख्य उद्देश्य हर नागरिक तक फिटनेस की डोज आधा घंटा रोज का प्रभावी संदेश पहुंचाना है, जो कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किये गये ऐतिहासिक फिट इंडिया मूवमेंट का एक अभिन्न हिस्सा है।

रविवार की सुबह को पूरी तरह सेहत और नई ऊर्जा के नाम करते हुए राज्य की समस्त जिला पुलिस, आरएसी बटालियनों, प्रशिक्षण संस्थानों और अन्य पुलिस इकाइयों के लगभग 18 हजार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इसके साथ ही स्थानीय साइकिलिंग क्लबों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विभिन्न फिटनेस समूहों और सीएलजी सदस्यों सहित विशिष्ट एवं गणमान्य नागरिकों ने भी अपनी सशक्त भागीदारी निभाई। तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए सुबह ठीक छह बजे राजस्थान पुलिस अकादमी और विभिन्न पुलिस ट्रेनिंग सेंटर्स सहित सभी जिला मुख्यालयों पर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

संडे की इस ऊर्जावान सुबह में सबसे पहले सामूहिक योग और ध्यान का सत्र आयोजित हुआ। इसके बाद जवानों और आमजन का उत्साह बढ़ाने के लिए जुम्बा डांस, रनिंग और रोप स्किपिंग जैसी शारीरिक फिटनेस गतिविधियां की गयीं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भव्य साइकिलिंग रैलियों का आयोजन किया गया, जिसने पूरे प्रदेश को फिटनेस के एक रंग में रंग दिया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को काम के भारी दबाव और मानसिक तनाव से मुक्त करना भी है। यह विशेष आयोजन केन्द्र सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत राष्ट्रमंडल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य देश की खेल संस्कृति को मजबूत करना है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में इस वर्ष इस अभियान के 75वें संस्करण का सफल संचालन किया गया।