भिवाड़ी में दो फैक्ट्रियों में आग लगने से 5 लोग झुलसे

0

खैरथल तिजारा। राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में दो कंपनियों में आग लगने से पांच से अधिक लोग झुलस गए।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार को दोपहर करीब दो बजे रामको मेटल में ट्रांसफार्मर में विस्फोट हुआ। इससे प्रथम मंजिल पर रखे पांच हजार लीटर ऑयल से भरे हुए टैंक ने आग पकड़ ली। उसके कुछ ही देर बाद उस टैंकर में विस्फोट होने से आग लग गई और देखते ही देखते इसने विकराल रूप धारण कर लिया।

टैंकर से निकला ज्वलनशील ऑयल पास स्थित एल्सओक एलएलपी कंपनी तक फैल गया, इससे वहां भी आग भड़क उठी। वहीं परिसर में खड़ी कार और अन्य वाहनों ने भी आग पकड़ ली। आग लगते ही दोनों फैक्ट्रियों में अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलने लगी तो फैक्ट्री में कार्यरत महिला और पुरुष कर्मचारियों को पीछे के दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ कर्मचारियों ने जान बचाने के लिए फैक्ट्री की पिछली दीवार तक फांद दी।

इस हादसे में देवेंद्र यादव, हरपाल यादव, दिनेश, छतर सिंह और एक अन्य सहित पांच लोग झुलसे हैं। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां से देवेंद्र यादव हरपाल यादव और दिनेश की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली भेजा गया है।

सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों तक आग पर काबू पाने का प्रयास करती रहीं। भिवाड़ी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रही है। उल्लेखनीय है कि रामको कंपनी में लोहे की चादरों का निर्माण होता है, जबकि एल्सओक एलएलपी कॉस्मेटिक उत्पाद बनाती है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।