पांढुर्णा में शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में पूर्व एसडीओपी अरेस्ट

0

पांढुर्णा। मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले के सौसर में एसडीओपी रह चुके सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी केके वर्मा के खिलाफ 31 वर्षीय महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है।

महिला ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने वर्ष 2017 से 2023 के बीच शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी पूर्व एसडीओपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है।

महिला के अनुसार वर्ष 2017 में उसके परिवार के एक सदस्य के साथ मारपीट का मामला उमरानाला चौकी में दर्ज हुआ था। उस समय तत्कालीन सौसर एसडीओपी केके वर्मा मामले के जांच अधिकारी थे। इसी दौरान महिला की उनसे पहचान हुई। आरोप है कि इसके बाद वर्मा ने मोबाइल पर बातचीत शुरू की और महिला के घर के सामने आकर भी उससे मुलाकात करने लगे।

महिला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 के आसपास आरोपी ने उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। विरोध करने पर उसे और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक सौसर में पदस्थापना के दौरान सरकारी आवास में भी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए और शादी का भरोसा दिया गया। महिला ने गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है।

महिला के अनुसार वर्ष 2018 में वर्मा का स्थानांतरण सिवनी और वर्ष 2019 में भोपाल हो गया, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा। आरोप है कि सिवनी में भी उसके साथ संबंध बनाए गए। महिला का दावा है कि आरोपी सेवानिवृत्ति के बाद शादी करने का भरोसा देता रहा और इसी विश्वास पर वर्ष 2023 तक संबंध बने रहे।

महिला ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने बातचीत करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत की। महिला ने जातिसूचक टिप्पणी और धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसूचित जाति वर्ग से होने के कारण पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं भी लगाई हैं।

पांढुर्णा पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार ने बताया कि महिला की 20 अगस्त 2026 को दी गई शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 376(2)(n), 376(2)(k)(i), 377, 506 तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(w)(ii) और 3(2)(v) सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आरोपों से जुड़े साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।