नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महिला विंग की राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व संचालिका प्रमिलाताई मेढ़े का गुरुवार को सुबह निधन हो गया। वे 97 वर्ष की थीं। राष्ट्र सेविका समिति आरएसएस का महिला विंग है।
आरएसएस के एक पदाधिकारी ने बताया कि प्रमिलाताई पिछले तीन महीनों से बीमार थीं और पिछले 15 दिनों में उनकी तबियत ज्यादा ही खराब हो गई थी। आज पूर्वाह्न 9:05 बजे नागपुर में अपने आवास देवी अहिल्या मंदिर में उन्होंने अंतिम सांस ली। मेढ़े संगठन की चौथी संचालिका थीं। उन्होंने समिति की तीसरी प्रमुख उषाताई चती से स्वेच्छा से कार्यभार ग्रहण किया था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत और राष्ट्र सेविका समिति प्रमुख शांताका ने देवी अहिल्या मंदिर जाकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रमिलाताई के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका रहीं श्रद्धेय प्रमिला ताई मेढ़े जी के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। उनका संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर एक पोस्ट में मेढ़े को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा कि राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व संचालिका प्रमिल ‘मौसी’ मेढ़े के निधन का समाचार सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। प्रमिल मौसी का देश में राष्ट्र सेविका समिति के कार्य के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान था। उनका पूरा जीवन देशभक्ति और नारी शक्ति के जागरण के लिए समर्पित रहा।
मेढ़े की इच्छानुसार उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नागपुर को दान कर दिया जाएगा।