अलवर। राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने मृत महिला के नाम पर बैंक खाता संचालित करके कथित फर्जीवाड़ा करने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला एक मृत महिला के बैंक खाते और एफडी से संदिग्ध लेन-देन का है, जिसकी जांच अब और गहराती जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि कामना भाटिया ने शिकायत दर्ज करायी कि उसकी माता दिवंगत चंचल भाटिया का 16 अप्रैल 2023 को निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के करीब पांच महीने बाद उनके नाम से इंडियन ओवरसीज़ बैंक की अलवर शाखा का खाता जयपुर की एमआई रोड शाखा में स्थानांतरित कर दिया गया।
इस मामले की जांच में सामने आया कि बैंक रिकॉर्ड में खाता स्थानांतरण के लिए आवेदन खुद मृतका के नाम से प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरे मामले में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की आशंका गहरा गई। इतना ही नहीं, खाते से आरटीजीएस के माध्यम से राकेश कुमार नरूका और पुष्पा कंवर के खातों में धनराशि भी स्थानांतरित की गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच के बाद मुख्य आरोपी राकेश कुमार नरूका को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब बैंक के अभिलेख, खाता स्थानांतरण से जुड़े दस्तावेज, केवाईसी रिकॉर्ड और आरटीजीएस ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है। साथ ही इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल अन्य आरोपियों और संभावित बैंक अधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
भूखंड दिलाने के नाम पर 12 लाख 75 हजार की ठगी करने का आरोपी अरेस्ट
अलवर के काेतवाली थाना क्षेत्र में भूखंड दिलाने के नाम पर रेलवे स्टेशन प्रबंधक से 12 लाख 75 हजार रुपए की कथित ठगी के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि परिवादी ने 29 जून को मामला दर्ज कराया था कि उसे एक भूखंड दिखाकर उसका एग्रीमेंट कराने का झांसा देकर उससे आरोपियों ने किस्तों में कुल 12 लाख 75 हजार रुपये ले लिए, लेकिन रकम लेने के बाद न तो भूखंड की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए। पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद आरोपी नवीन को हरियाणा के रोहतक में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।



