ढोंगी बाबा अशोक खरात पर ‘तुर्की के दुर्लभ शहद’ के नाम पर करोड़ों की ठगी का भी आरोप

0

नासिक। खुद को ‘कैप्टन’ बताने वाले ढोंगी बाबा अशोक खरात के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। उसने व्यापारियों और राजनीतिक हस्तियों को कथित तौर पर ‘दुर्लभ तुर्की शहद’ के नाम पर करोड़ो रुपये का चूना लगाया है।

जांचकर्ताओं के अनुसार खरात का दावा था कि तुर्की की समुद्री गुफाओं से लाया गया यह शहद कामोत्तेजक और शक्ति बढ़ाने वाले अद्वितीय गुणों से भरपूर है। उसने कथित तौर पर यौन स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे पुरुषों को निशाना बनाया और उन्हें इसके औषधीय लाभों का झांसा दिया। इस घोटाले का सबसे हैरान करने वाला पहलू इसकी कीमत है, पीड़ितों से इस शहद के लिए लगभग नौ लाख रुपए प्रति किलोग्राम वसूले गए। पुलिस को संदेह है कि कई प्रमुख हस्तियों ने इस धोखाधड़ी में करोड़ों रुपए गंवाए हैं।

सूत्रों ने यह भी खुलासा किया कि खरात ने इस पैसे को अपने ट्रस्ट से जुड़े खातों के माध्यम से घुमाया, जिसका उद्देश्य कथित तौर पर काले धन को वैध बनाना था। जांच एजेंसियों ने इन संदिग्ध लेनदेन से संबंधित महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद खरात को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस आगे की जांच के लिए हिरासत बढ़ाने की मांग कर सकती है।

इस बीच, नासिक पुलिस के लगता है कि डर और सामाजिक दबाव के कारण कई महिला पीड़ित खरात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने में संकोच कर रही हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने दो समर्पित हेल्पलाइन नंबर 9593270224 और 7775816389 जारी किए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

शुरुआत में खरात के खिलाफ केवल एक मामला दर्ज था, लेकिन पिछले कुछ दिनों में यौन उत्पीड़न, धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोपों के साथ पांच अतिरिक्त मामले दर्ज किए गए हैं। हाल ही में तीन और शिकायतें सामने आई हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि खरात कथित तौर पर दैवीय शक्तियों का दावा करके महिलाओं को लुभाता था और उनका शारीरिक शोषण करता था। साथ ही, उसने नौकरी और वित्तीय लाभ का वादा करके भी कई लोगों से लाखों रुपए ठगे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नासिक पुलिस ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है, जो खरात की संपत्तियों, बैंक लेनदेन और उसके नेटवर्क की जांच कर रहा है।