अजमेर। भारत विकास परिषद महाराणा प्रताप शाखा एवं शंकर आयुर्वेद सिविल लाइंस अजमेर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिल्ली के वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक एवं रेटिना व नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञानेंद्र शर्मा ने मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
परिषद सचिव दीपक चोपड़ा ने बताया कि शिविर में आयुर्वेदाचार्य डॉ. यशवंत पारीक, पंचकर्म विशेषज्ञ एवं शंकर आयुर्वेदिक हॉस्पिटल के संस्थापक, सहित उनकी पूरी टीम ने सहयोग प्रदान किया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों की निःशुल्क जांच की गई और उन्हें आंखों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी जानकारी दी गई।
चिकित्सकों ने बताया कि वर्तमान समय में मोबाइल, टीवी एवं अन्य डिजिटल उपकरणों का अधिक उपयोग आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। इनसे निकलने वाली किरणों के कारण आंखों में थकान, जलन एवं अन्य समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों को मोबाइल और टीवी का उपयोग सीमित करने, समय-समय पर आंखों की जांच करवाने तथा आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
शिविर सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसके बाद सिविल लाइंस स्थित हॉस्पिटल में मरीजों की भीड़ जुटने लगी। विशेषज्ञों ने सभी मरीजों की जांच कर उन्हें उचित उपचार एवं बचाव के उपाय बताए।
शिविर के सफल आयोजन में संस्था के सुरेश राठी, केके अग्रवाल, सुनील चौधरी एवं राकेश अजमेरा ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि उनका संकल्प लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना है और भविष्य में भी विभिन्न स्थानों पर ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।



