नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के बीच तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम एक बार फिर बढ़ा दिए हैं और दिल्ली में चार साल बाद पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज से गैर-ब्रांडेड यानी सामान्य पेट्रोल 2.61 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। अब इसकी कीमत 102.12 रुपए प्रति लीटर हो गई है। सामान्य डीजल भी अब 95.20 रुपए प्रति लीटर मिलेगा। इसकी कीमत में 2.71 रुपए का इजाफा किया गया है।
दोनों जीवाश्म ईंधनों का यह 21 मई 2022 के बाद का उच्चतम स्तर है। इस साल 15 मई से अब तक चार बार में दिल्ली में पेट्रोल 7.35 रुपए और डीजल 7.53 रुपए प्रति लीटर महंगा हो चुका है। इनके दाम 30 अक्टूबर 2024 के बाद गत 15 मई को पहली बार बढ़ाए गए थे।
दिल्ली में इंडियन ऑयल के प्रीमियम पेट्रोल एक्सपी95 की कीमत भी 2.61 रुपए बढ़कर 109.24 रुपए और प्रीमियम डीजल एक्सजी की कीमत 2.71 रुपए बढ़कर 100.52 रुपए प्रति लीटर हो गई है।
कोलकाता में पेट्रोल 2.87 रुपए और चेन्नई में 2.46 रुपए महंगा हुआ है। दोनों शहरों में इसकी नई कीमत क्रमशः 113.51 रुपए और 107.77 रुपए प्रति लीटर हो गई है। डीजल कोलकाता में 2.80 रुपए और चेन्नई में 2.57 रुपए बढ़कर क्रमशः 99.82 रुपए और 99.55 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
अमरीका-ईरान शांति वार्ता में ठोस प्रगति के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में आज कच्चे तेल के दाम में चार प्रतिशत से ज्यादा गिरावट देखी गई है। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे उतर गया है।
गत 28 फरवरी को शुरू हुए पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति बाधित होने से कच्चे तेल की कीमत में उछाल आया है। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था।



