हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में मेगा हाईवे पर गुरुवार को एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मृतक की पहचान इरफान (18) के रूप में हुई है। वह अपने एक रिश्तेदार सद्दाम मोहम्मद निवासी कमालसर जिला झुंझुनूं के साथ एक गैस टैंक लॉरी पर सहायक का काम करता था। शाम करीब पांच बजे सद्दाम मोहम्मद गैस टैंक लॉरी लेकर मेगा हाईवे से जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि टोपरिया गांव के पास गैस टैंक लॉरी ऊपर बिजली की तारों के संपर्क में आ गयी। इस पर सद्दाम ने तुरंत टैंक लॉरी को रोक दिया। बिजली की तारों की वजह से टैंक लॉरी में करंट फैल चुका था लेकिन टायरों की वजह से चालक सद्दाम और हेल्पर इरफान केबिन में बिल्कुल सुरक्षित थे।
इरफान टैंक लॉरी के केबिन से बाहर जब आने लगा और उसने अपना पांव जमीन पर रखा, तभी अर्थिंग हो जाने से करंट का जोरदार झटका लगा। पुलिस के मुताबिक इरफान अचेत होकर गिर गया उसे रावतसर के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।



