जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को जयपुर जिले में बस्सी तहसील की मानसर खेड़ी ग्राम पंचायत के ग्राम प्रतिहारी अशोक कुमार शर्मा और तहसील के पटवार हल्का झर अतिरिक्त चार्ज मानसर खंडी पटवारी विकम बुनकर पटवारी को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों को गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी चौकी जयपुर ग्रामीण को शिकायत की कि उसकी कृषि भूमि का सह खातेदारो के बीच आपसी सहमति से विभाजन के लिए पटवारी 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है।
एसीबी जयपुर रेंज जयपुर के उपमहानिरीक्षक अनिल कयाल के दिशानिर्देशन में में एसीबी चौकी जयपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील सिहाग के द्वारा ट्रेप कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार शर्मा और विकम बुनकर पटवारी को परिवादी से 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की पुलिस अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव की निगरानी में आरोपियों से पूछताछ तथा कार्रवाई जारी है।



