बारात के इंतजार में मेहंदी लगाए बैठी रही दुल्हन, दूल्हा ममेरी बहन के साथ हुआ रफूचक्कर

0

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में सोमवार को एक परिवार मे शादी की खुशियां उस समय काफूर हो गई जब एक दुल्हन दूल्हे और बारात के इंतजार में सजी बैठी रही तो वही दूल्हा अपने घर से अपनी ममेरी बहन के साथ लापता हो गया।

शिकोहाबाद के गांव नीम खेरिया निवासी निवासी एक परिवार की पुत्री की शादी फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ क्षेत्र के गांव सैलई निवासी पुष्पेंद्र से निश्चित हुई थी। 25 अप्रैल को शादी की पक्की लग्न की रस्म अदायगी संपन्न हुई थी और 27 अप्रैल सोमवार को विवाह संपन्न होना निश्चित था।

दुल्हन के परिवार में सोमवार 27 अप्रैल को बारात के स्वागत सत्कार की सजावट और खान-पान की पूरी व्यवस्था के साथ बरात आगमन की प्रतीक्षा में था। काफी देर बारात की प्रतीक्षा करने के बाद जब बारात नहीं आई तब बारात के संबंध में दुल्हन के परिवार की ओर से दूल्हे के यहां फोन कर बात की गई तो बताया गया की दूल्हा पुष्पेंद्र अचानक गायब हो गया है।

यह जानकारी सुनते ही दुल्हन के परिवार पर वज्रपात हो गया और शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई और सारी खुशियां काफूर हो गई। जहां दुल्हन रोते हुए अपने भाग्य को कोस रही थी तो उसके बाबा की बारात ना आने की जानकारी मिलते ही तबीयत खराब हो गई जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

परिजनों की बात मानी जाए तो उन्हे जानकारी मिली है उसके अनुसार पुष्पेंद्र अपनी ममेरी बहन को साथ गायब हुआ है। जिसको लेकर अनेक प्रकार की चर्चाएं हैं। वही अभी दुल्हन परिवार के द्वारा किसी प्रकार की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है। दुल्हन के भाई का कहना है कि उसके द्वारा पक्की के समय नगदी अंगूठी और सामान दिया गया है। पूरा परिवार इस प्रकरण के वाद हताशा और निराशा में है।