ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में जिम में हुई दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने तथा गर्भवती होने पर विवाह से इनकार करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गोला का मंदिर थाना क्षेत्र निवासी 24 वर्षीय युवती ने शिकायत में बताया कि मार्च 2025 में उसकी मुलाकात एचआर जिम में आशीष गुर्जर से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए शादी का वादा किया।
शिकायत के अनुसार आरोपी युवती को अपनी कार से विभिन्न स्थानों पर ले जाता था और भाऊ साहब सोसायटी क्षेत्र तथा अपने एक परिचित के फ्लैट पर शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2026 में गर्भवती होने पर उसने आरोपी से शादी करने के लिए कहा, लेकिन उसने विवाह से इनकार कर गर्भपात कराने का दबाव बनाया। बाद में आरोपी के परिजनों से जानकारी मिली कि वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी और उसके परिजनों ने उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उसके रिश्तेदारों और परिचितों के बीच निजी जानकारी फैलाकर उसे बदनाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।



