हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर थाना क्षेत्र में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक युवक और किशोरी से रुपए मांगने और अश्लील हरकत करने के मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने हाकम अली (35) नामक व्यक्ति को फिलहाल पूछताछ के लिए पकड़ा है। उस पर आरोप है कि उसने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक 15-16 वर्षीय किशोरी और उसके 18-19 वर्षीय युवक मित्र को ब्लैकमेल किया। आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक से एक लाख रुपए की मांग की और किशोरी को शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने की कोशिश की।
बुधवार शाम को नोहर की रहने वाली 15-16 वर्षीय किशोरी अपने 18-19 वर्षीय दोस्त के साथ नोहर के बाईपास पर कार में बैठकर बात कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे हाकम अली निवासी पोहाड़का ने मोबाइल फोन से दोनों का वीडियो बना लिया। वीडियो बनाते ही हाकम अली ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए दोनों को डराना शुरू कर दिया।
उसने किशोरी के साथ अश्लील हरकत की और उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। साथ ही युवक से वीडियो वायरल न करने के बदले में एक लाख रुपए की मांग की। आरोपी ने दोनों के मोबाइल फोन नंबर ले लिए और कुछ देर तक उन्हें धमकाता रहा।
फिर उनको वहां से जाने दिया, लेकिन इसके कुछ देर बाद ही बाद हाकम अली ने किशोरी को फोन करके अपने घर के पास मिलने के लिए बुलाया और वहां भी शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। किसी तरह किशोरी वहां से भागकर अपने घर पहुंची और पूरे परिवार को घटना की जानकारी दी।
थाना प्रभारी अजय गिरधर ने बताया कि बुधवार देर रात किशोरी के पिता ने नोहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हाकम अली के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। कुछ देर बाद ही आरोपी हाकम अली को पूछताछ के लिए पुलिस थाना में लाया गया।



