हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के असरजाना गांव के एक खेत में पुलिस ने नशीले पदार्थ एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ करके चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि असरजाना के खेत में बनी एक ढाणी के कमरे में आरोपियों ने विभिन्न रसायनों के मिश्रण से एमडी ड्रग्स तैयार करने की अवैध फैक्ट्री चला रखी थी।
आरोपियों के कब्जे से 212 ग्राम अफीम, 5.36 ग्राम एमडी ड्रग्स, कांच की बोतलों में मिथाइल प्रोपोफाइनन और अन्य रसायन बरामद किये हैं। इनकी पहचान सुभाष बिश्नोई (29), सुनील राजपूत (28), रविंद्र राजपूत (26) और विजयपालसिंह राजपूत (26) के रूप में हुई है।
मीणा ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नशीले द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।



