जीरकपुर। पंजाब के जीरकपुर स्थित पीरमुछल्ला नेचर पार्क में गुरुवार सुबह गर्दन कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह सैर करने पहुंचे लोगों ने पार्क में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है।
शव की हालत को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि शव पुरुष का है या महिला का।
सीसीटीवी और आसपास के इलाके की जांच
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव पार्क में कब और कैसे पहुंचा।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी भी जुटा रही है, जिससे मृतक की पहचान हो सके। इसके साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात पार्क में हुई या शव को किसी अन्य स्थान से यहां लाकर फेंका गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। फिलहाल हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पार्क में इस तरह शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। मृतक की पहचान और हत्या के पीछे की वजह सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी।



