अजमेर। हिन्दू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक संत सदगुरु डॉ. चारुदत्त पिंगले गुरुवार को दो दिवसीय प्रवास पर अजमेर आएंगे। इस दौरान वे विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर धर्म, संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों विषय पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
हिन्दू जन जागृति समिति के मध्यप्रदेश एवं राजस्थान समन्वयक आनंद जाखोटिया ने बताया कि प्रवास के दौरान सदगुरु डॉ. पिंगले आदेश सेवा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसके साथ कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करेंगे। दूसरे दिन वे पुष्कर में दर्शन कर तीर्थ पुरोहितों से संवाद करेंगे साथ ही समाज के गणमान्य लोगों के साथ बैठक में विशेष उदबोधन देंगे।
बतादें कि सदगुरु डॉ. चारुदत्त पिंगले ईएनटी विशेषज्ञ होने के साथ-साथ अध्यात्म, राष्ट्र एवं धर्मसेवा के लिए समर्पित हैं। वर्तमान में वे हिन्दू जनजागृति समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक हैं तथा समिति की आध्यात्मिक दिशा के प्रमुख मार्गदर्शक माने जाते हैं।
अध्यात्म, धर्मशिक्षा एवं हिन्दू राष्ट्र विषयों पर उनके द्वारा अनेक ग्रंथों की रचना की गई है। हाल ही में प्रयागराज महाकुंभ में उनके नेतृत्व में आयोजित धर्म एवं संस्कृति के वैज्ञानिक पक्ष को प्रस्तुत करने वाली प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही और देशभर में चर्चा का विषय बनी।



