चूरू में हत्या के आरोप में होटल संचालक और उसका साथी अरेस्ट

1

चूरू। राजस्थान में चूरू जिले के सरदारशहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी होटल संचालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक जय यादव ने रविवार को बताया कि आरोपी पप्पूराम नायक और ओमप्रकाश नायक को सांवरमल राजपुरोहित की हत्या करके गुप्त रूप से दफनाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि 17 फरवरी की रात करीब 12 बजे सांवरमल राजपुरोहित होटल करणी कृपा पर पहुंचा। वह शराब के नशे में था। होटल पर उसने शराब का सेवन किया। कुछ देर बाद किसी बात को लेकर होटल संचालक पप्पूराम नायक से उसका तीखा विवाद हो गया।

विवाद तेज होते-होते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया। पुलिस के अनुसार पप्पूराम नायक द्वारा की गई मारपीट के दौरान सांवरमल राजपुरोहित की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने सांवरमल की मौत के बाद उसका शव होटल के पीछे ले जाकर रेतीले टिब्बों में गड्ढा खोदकर दफना दिया था।

इसके बाद पुलिस ने 19 फरवरी को उक्त होटल के पीछे कुछ दूरी पर सांवरमल का जमीन में दबा शव बरामद किया। पुलिस ने जांच के बाद पप्पूराम नायक और ओम प्रकाश नायक को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।