कोरबा। छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में बुधवार को एक युवक ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेली निवासी सालिक राम यादव ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी छेक बाई की हत्या कर दी। घटना के समय उनके बच्चे भी घर पर मौजूद थे। आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के बाद कटे हुए सिर के साथ गांव में घूमकर लोगों में भय फैला दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी गांव के ही एक पोल्ट्री फार्म में चौकीदारी का कार्य करता था और वहीं अपने परिवार के साथ रहता था। प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे चरित्र शंका का कारण सामने आ रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी और भय का वातावरण बना हुआ है।



