बुलन्दशहर। उत्तर प्रदेश में बुलन्दशहर जिले के खुर्जा नगर थाना क्षेत्र के गांव आसफपुर में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंतरिक्ष कुमार जैन ने बताया कि 25 और 26 मई की मध्य रात्रि डायल-112 के माध्यम से थाना खुर्जा नगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम आसफपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते उसने घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में मृतका के मायके पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



