हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक ट्रेलर से 2.71 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम को पुलिस दल ने भारतमाला प्रोजेक्ट मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक ट्रेलर को संदिग्ध पाकर रोका। उसकी जांच की गई तो ट्रक में रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग और ऑल सीजन ब्रांड की अंग्रेजी शराब की कुल 1503 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 14,448 बोतलें और 14,352 क्वार्टर शामिल हैं। इनकी कीमत दो करोड़ 71 लाख रुपए आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि ट्रक चालक प्रकाश कुमार बिश्नोई (22) निवासी वाड़ानया, थाना बागोड़ा, जिला जालौर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। चालक ने बताया कि यह शराब पंजाब के लुधियाना से गुजरात ले जा रहा था।



