नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत बन रहा प्रमुख आर्थिक शक्ति : नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश तेजी से एक प्रमुख आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।

पटना में बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) लागू कर एक राष्ट्र, एक कर की अवधारणा को साकार किया गया, जिससे व्यापार में सुगमता और पारदर्शिता आई है।

यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने कहा कि हालिया जीएसटी सुधार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। डिजिटल इंडिया अभियान ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है और पारदर्शिता को नये आयाम दिये हैं। यूपीआई और डीबीटी जैसी योजनाओं ने आम नागरिक को सशक्त बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया और स्वदेशी आह्वान ने विनिर्माण क्षेत्र को नई दिशा दी है। बीते वर्षों में सड़कों, रेलमार्गों, हवाई अड्डों और बंदरगाहों में अभूतपूर्व निवेश से देश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।

सैनी ने कहा कि हरियाणा और बिहार को विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के लिए मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि बिहार अब डबल इंजन सरकार की बदौलत देश के सबसे तेजी से विकास करने वाले राज्यों में शामिल हो गया है। राज्य की जीडीपी वृद्धि दर 14 प्रतिशत से अधिक है और उद्योग क्षेत्र का योगदान कृषि से भी आगे निकल गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार में एक जिला–एक उद्योग योजना और निवेश प्रोत्साहन पैकेज ने औद्योगिक माहौल को मजबूत किया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा।