इंडियन ओवरसीज बैंक का असिस्टेंट मैनेजर 3.09 करोड़ रुपए के आभूषण चोरी के आरोप में अरेस्ट

0

चेन्नई। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के अयानावराम इलाके में इंडियन ओवरसीज बैंक (आईओबी) के एक असिस्टेंट मैनेजर को ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए 3.09 करोड़ रुपए मूल्य के 2,179 ग्राम सोने के आभूषण चोरी करने और उनकी जगह नकली आभूषण रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

बैंक प्रबंधक दिनेश कुमार की गत 13 अगस्त को दर्ज कराई गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए ग्रेटर चेन्नई सिटी पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज किया। आरोपी की पहचान आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम निवासी पोतनुरु मुरलीकृष्णा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने 21 ग्राहकों द्वारा बैंक में रखे गए सोने के आभूषणों की जगह नकली गहने रखकर बैंक के साथ 3.09 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने चोरी किए गए असली आभूषणों को विभिन्न स्थानों पर गिरवी रखकर प्राप्त पैसों का इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और व्यक्तिगत खर्चों के लिए किया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरवी रखे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।