यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के स्थापना दिवस पर बाघसुरी ब्रांच में काटा केक

0


नसीराबाद/बाघसुरी।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के 108वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को बाघसुरी स्थित बैंक शाखा में उत्साह और उल्लास के साथ समारोह आयोजित किया गया। स्थापना दिवस को लेकर बैंक परिसर के बाहर और भीतर आकर्षक सजावट की गई थी। सजावट और उत्सवी माहौल के बीच शाखा प्रबंधक मोहित चतुर्वेदी सहित बैंककर्मियों और ग्राहकों ने केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं। इस मौके पर उपस्थित ग्राहकों ने बैंककर्मियों को शुभकामनाएं दीं और ग्रामीण क्षेत्र में बैंक की ओर से दी जा रही सेवाओं की सराहना की।

ग्राहकों ने बताया कि वर्ष 2011 में बाघसुरी गांव में यूनियन बैंक की शाखा शुरू होने के बाद से आसपास के ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ता। वर्तमान में यह शाखा बाघसुरी सहित आसपास के करीब 15 गांवों के लोगों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रही है। यहां ग्रामीणों को बचत खाते, जमा योजनाओं, लेनदेन, ऋण सुविधा तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इससे किसानों, व्यापारियों, छोटे उद्यमियों और आम ग्रामीण परिवारों को विशेष सुविधा मिली है।

उल्लेखनीय है कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की स्थापना 11 नवंबर 1919 को मुंबई में हुई थी। बैंक की स्थापना के पीछे भारतीयों को एक मजबूत स्वदेशी बैंकिंग व्यवस्था उपलब्ध कराने की सोच थी। महात्मा गांधी ने 11 नवंबर 1919 को बैंक की पहली शाखा का उद्घाटन किया था। वर्ष 1969 में बैंक का राष्ट्रीयकरण किया गया। आज यूनियन बैंक देश के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल है और डिजिटल बैंकिंग सहित आधुनिक वित्तीय सेवाओं के माध्यम से करोड़ों ग्राहकों तक अपनी पहुंच बना चुका है।

समारोह में शाखा प्रबंधक मोहित चतुर्वेदी, प्रहलाद सिंह मीणा, मयूर मेहता, आलम चन्द्र, पंकज कुमार, राजेश, सांवरलाल, सरपंच प्रतिनिधि मुकेश पाराशर, ललित किशोर अजमेरिया, देवेन्द्र सिंह राठौड़, लालचंद खारोल, किशन गोपाल, श्री बालाजी फ्यूल्स के मैनेजर विजय सिंह मौर्य सैनी, रोहित चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य ग्राहक उपस्थित रहे।