दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर सड़क दुर्घटना में उद्योगपति बल्लभ महेश्वरी की मौत

0

अलवर। राजस्थान में रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर रविवार को एक कार के डिवाइडर से टकराने से एक उद्योगपति की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शकुन समूह के प्रबंध निदेशक बल्लभ महेश्वरी अपनी बीएमडब्ल्यू कार से जयपुर से उत्तर प्रदेश के गिर्राज जी जा रहे थे। शाम को अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए बैरिकेट तोड़कर चैनल 136.8 के पास मीडियन में घुस गई और पुलिया की दीवार से जा टकराई। इससे श्री महेश्वरी घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि उन्हें निकटवर्ती सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें अलवर भेज दिया गया। अलवर के निजी अस्पताल में देर शाम उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार को चालक चला रहा था, लेकिन उसे किसी भी तरह की चोट नहीं आई। दुर्घटना की सूचना के बाद परिजन अलवर पहुंचे और रविवार की रात को ही शव को जयपुर ले गए।