अजमेर। इंस्पायर जीआर स्टार इंडिया की सीईओ एवं फैशन आइकन तथा मिसेज राजस्थान-2025 जया चौहान ने एक दिवसीय अजमेर प्रवास के दौरान जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय परिसर और अलवर गेट स्थित जवाहर फाउंडेशन द्वारा संचालित स्वाभिमान भोज रसोई का अवलोकन किया।
जेएलएन अस्पताल परिसर में संचालित स्वाभिमान भोज रसोई पहुंचने पर रसोई प्रभारी हेमराज सिसोदिया एवं ध्रुविका सिसोदिया के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जया चौहान का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। चौहान ने रसोई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और भोजन का स्वाद भी लिया। इसके बाद उन्होंने वहां भोजन कर रहे लोगों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर जया चौहान ने कहा कि सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को सेवा, सम्मान और समर्पण की भावना के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वाभिमान भोज रसोई सामाजिक समरसता और करुणा का प्रतीक है। यहां समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराया जाता है। जरूरतमंदों को भूख से राहत देना मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है।
चौहान ने जवाहर फाउंडेशन के संस्थापक रीजू झुनझुनवाला का आभार जताते हुए संस्था द्वारा सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस दौरान अलवर गेट स्वाभिमान रसोई की संचालिका विजय लक्ष्मी सिसोदिया, जेएलएन रसोई की ध्रुविका सिसोदिया, प्रभारी महेश चौहान, मामराज सेन, मीडिया प्रभारी प्रदीप कच्छावा, प्रवीण सोलंकी, कृष्णा, सपना, आरती, रूबिना, ईश्वर सहित कर्मचारी एवं संस्था से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।



