जयपुर। राजस्थान में घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव अम्बरीष कुमार ने बुधवार को सचिवालय में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा को लेकर सभी जिलों के जिला रसद अधिकारियों की वीसी के माध्यम से महत्वपूर्ण बैठक ली और इस दौरान यह निर्देश दिए। बैठक में कुमार ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा इस संबंध में आशंकित होने की कोई आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने सभी जिला रसद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश में कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडर आपूर्ति में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि तेल एवं गैस कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कुमार ने विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि विभाग इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि इन संस्थानों में गैस की आपूर्ति किसी भी परिस्थिति में प्रभावित न हो।
उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल या अन्य आवश्यक सेवा से जुड़े संस्थान को गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर कोई समस्या आती है, तो संबंधित जिला रसद अधिकारी तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।



