अंतरराष्ट्रीय योग दिवस : केन्द्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने अजमेर में किया योगाभ्यास

0

अजमेर। केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता कर योगाभ्यास किया। चौधरी ने अजमेर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित संभाग स्तरीय कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में आमजन के साथ योग के महत्व पर संवाद किया।

उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कोलकाता के परेड ग्राउंड से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा एवं सुना। इस अवसर चौधरी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास हमें शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। आज के व्यस्त जीवन में योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि मोदी के अथक प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारत की इस प्राचीन ज्ञान परंपरा का सम्मान कर रही है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण के लिए योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लेना चाहिए।