आइटेल ने पेश किया ए100 स्मार्टफोन, बिना नेटवर्क के भी कर सकेंगे कॉल

1

नई दिल्ली। देश की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनी आईटेल ने सोमवार को नया स्मार्टफोन ए100 लॉन्च किया है जिसकी कीमत 6,799 रुपए से शुरू है।
कंपनी ने बताया कि इसमें अल्ट्रालिंक फीचर दिया गया है, जो नेटवर्क न होने की स्थिति में भी कॉल करने का विकल्प देता है। यह फीचर खास तौर पर उन उपयोगकर्ताओं के लिए उपयोगी है, जो कम या कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में रहते हैं।

ए100 को मिलिट्री ग्रेड प्रमाणन (एमआईएल-एसटीडी-810एच) के साथ बाजार में उतारा गया है जिससे यह रफ इस्तेमाल को भी झेलने में सक्षम है।
आईटेल ने ए100 स्मार्टफोन को 64जीबी स्टोरेज के साथ दो रैम संस्करणों में पेश किया है। पहले संस्करण में तीन जीबी रैम है जिसे आठ जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। इसकी कीमत 6,799 रुपए रखी गयी है। दूसरा संस्करण चार जीबी रैम के साथ पेश किया गया है जिसे 12 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। इसकी कीमत 7,499 रुपए रखी गई है।

कंपनी ने 100 दिन के भीतर मुफ्त में स्क्रीन रिप्लेसमेंट सुविधा की भी घोषणा की है। आइटेल इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरिजीत तलपतरा ने कहा कि देश के बड़े वर्ग के उपभोक्ताओं के लिए स्मार्टफोन सिर्फ एक डिवाइस नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरत है, जिससे लंबे समय तक भरोसेमंद साथ की उम्मीद की जाती है। ए100 के साथ हमने उन्हीं पहलुओं पर ध्यान दिया है, जो अधिकांश उपयोगकर्ताओं के लिए सबसे अधिक मायने रखते हैं-एक ऐसा फोन जो लंबे समय तक टिके, आकर्षक डिजाइन के साथ आये और किफायती भी हो। मिलिट्री ग्रेड मजबूती और अल्ट्रालिंक जैसे फीचर्स व्यावहारिक नवाचार पर आधारित हैं, जो आइटेल की पहचान है।

ए100 में 6.6 इंच का शानदार 90 हर्ट्ज एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है, दो डीटीएस-पावर्ड साउंड टेक्नोलॉजी समर्थित है। फोन में दिया गया डायनैमिक बार बैटरी स्टेटस, कॉल, नोटिफिकेशन और अन्य जानकारियों को आसान और सहज तरीके से दिखाता है। इसका रियर कैमरा आठ मेगा पिक्सल का है जो एडवांस इमेज प्रोसेसिंग की मदद से साफ और जीवंत तस्वीरें खींचता है। आईआर ब्लास्टर की सहायता से टीवी, एयर कंडीशनर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फोन के जरिये आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।

आइटेल ए100 में ऑक्टा-कोर यूनिसॉक टी7100 प्रोसेसर और एंड्रॉयड 15 गो दिया गया है, जो आसान मल्टीटास्किंग, स्मूथ गेमिंग और बिना रुकावट वीडियो कॉलिंग का अनुभव सुनिश्चित करता है। सुरक्षा और सुविधा के लिए इसमें फेस अनलॉक और साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है, जो बेहतर सुरक्षा के साथ आसान पहुंच प्रदान करता है। इसकी बैटरी 5000 एमएएच की और चार्जर 10 वाट का है। यह सिल्क ग्रीन, प्योर ब्लैक और टाइटेनियम गोल्ड रंगों में उपलब्ध है।