जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को जयपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 99 के स्वास्थ्य निरीक्षक दिनेश कुमार एवं एक अन्य व्यक्ति को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एसीबी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसीबी जयपुर नगर-द्वितीय इकाई को शिकायत मिली कि दिनेश कुमार एवं निजी व्यक्ति प्रकाश चन्द द्वारा मिलीभगत कर परिवादी की मार्च का वेतन बनाने की एवज में प्रति महीने पांच हजार की रिश्वत राशि की मांग कर यह रिश्वत राशि लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
इस पर ब्यूरो टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराने पर दौराने सत्यापन परिवादी से पांच हजार रुपए प्रति महीने लेने के लिए सहमत होने पर गुरुवार को ट्रेप कार्रवाई करते हुए दिनेश कुमार और प्रकाश चन्द को परिवादी से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।



