कोटा में जेईई कोचिंग छात्र ने की आत्महत्या

1

कोटा। देशभर में इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रमुख केंद्र कोटा में एक और कोचिंग छात्र द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। गत दो वर्षों से संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने बुधवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान आर्यन ओझा (17) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी था। वह पिछले दो वर्षों से कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहा था। हाल ही में वह पुराने राजीव गांधी नगर क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।