झारखंड के पलामू जिले के राजहरा स्टेशन के समीप मालगाड़ी के 15 डब्बे पटरी से उतरे

0

मेदिनीनगर। झारखंड के पलामू जिले के धनबाद रेलमंडल अंतर्गत बरवाडीह-गढवारोड रेलखंड के बीच रजहरा रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पहले गुरूवार दोपहर कोयला से लदा मालगाड़ी के 15 डब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। यह मालगाड़ी टोरी से मुगलसराय जा रही थी।

फिलहाल यह हादसा किन कारणों से हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तमाम उच्च अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गयी है। इस दुर्घटना के कारण अप लाइन पर ट्रेनों का आवागमन बाधित हो गया है। रेलवे की टीम युद्ध स्तर पर काम में जुट गई है ताकि ट्रेक को जल्द से जल्द साफ कर ट्रेनों का परिचालन दोबारा सामान्य किया जा सके।

डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अप लाइन पर परिचालन सामान्य करने का प्रयास तेजी से किया जा रहा है। इधर, रेलवे की ओर से जारी किए गए बुलेटिन में रांची-सासाराम एक्सप्रेस और डेहरी ऑन सोन पैसेंजर को रद्द कर दिया गया है।