चूरू जिला परिषद का कनिष्ठ सहायक रिश्वत लेते अरेस्ट

0

चूरु। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने चूरू जिला परिषद कनिष्ठ सहायक को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि परिवादी ने ब्यूरो की श्रीगंगानगर चौकी में शिकायत की थी कि उनकी ग्राम पंचायत में वर्ष 2023-24 के दौरान मनरेगा के तहत कराये गए विभिन्न कार्यों के लंबित भुगतान कराने की एवज में चूरु जिला परिषद में कनिष्ठ सहायक सुभाषचंद्र शर्मा 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जिसमें उसने 10 हजार रुपए फोन-पे के जरिए दे दिए, अब बाकी बचे पांच हजार रुपए की मांग कर रहा है।

सूत्रों ने बताया कि इस पर एसीबी श्रीगंगानगर चौकी के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित दल ने शिकायत के सत्यापन के बाद जाल बिछाकर कनिष्ठ सहायक सुभाष चंद्र शर्मा को परिवादी से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।