हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के कलाना ग्राम पंचायत में एक कनिष्ठ सहायक कर्मचारी के चेहरे पर सरपंच द्वारा थूककर उसे अपमानित करने का मामला सामने आया है। इस अमानवीय घटना को लेकर कनिष्ठ सहायक आबिद कायमखानी (28) ने वर्तमान सरपंच एवं प्रशासक शेराराम बिजारणिया के विरुद्ध मामला दर्ज कराया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि आबिद खान ने शिकायत में बताया कि 29 अप्रैल को वह पंचायत कार्यालय में अपना नियमित सरकारी काम कर रहा था। तभी वहां सरपंच शेराराम बिजारणिया आया और बिना किसी वजह के उनकी सरकारी ड्यूटी में दखलअंदाजी करने लगा। सरपंच ने पहले तो बुरी तरह से गाली-गलौज करके अपमानित किया और फिर उसके चेहरे पर थूक दिया।
उसने बताया कि आबिद खान ने तुरंत अपना चेहरा धोया और वापस कुर्सी पर बैठकर काम जारी रखा। इसके बावजूद सरपंच शेराराम ने दोबारा उसके सिर पर थूक दिया। उसने न केवल गाली-गलौज किया बल्कि आबिद खान को अपना सरकारी कार्य करने से पूरी तरह रोक दिया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया।
कनिष्ठ सहायक आबिद खान ने इस घटना की सूचना पंचायत समिति भादरा के विकास अधिकारी को दी। विकास अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शेराराम बिजारणिया को 6 मई को नोटिस जारी किया था। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आबिद खान ने सरपंच के खिलाफ भादरा थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट में दिए गए पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।



