भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा सेना अधिकारी मेजर शैलेन्द्र सिंह को रविवार रात गिरफ्तार करके उन्हें हवालात में बंद करने के साथ अपमानित करने के मामले में सोमवार को मचे बवाल के बाद थानाधिकारी को लाइन हाजिर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छुट्टियों में अपने गांव पथेना आये सेना अधिकारी मेजर शैलेन्द्र सिंह रात में गांव से बाहर सड़क के किनारे अपनी गाड़ी की पार्किंग लाइट जलाकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान गश्त पर निकली थाना पुलिस ने उनके साथ कथित दुर्व्यवहार करके थाने में कपड़े उतरवाकर उन्हें हवालात में बंद कर दिया।
मामले की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में पथेना के ग्रामीणों और भूतपूर्व गौरव सेनानी संघ की ओर से सोमवार सुबह खेड़ली मोड थानाधिकारी राजेश कसाना और नामजद पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर खेड़ली मोड थाने के पास धरना दिया गया जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थानाधिकारी को लाइन हाजिर करने के साथ ही मामले की जांच उच्चाधिकारियों को सौपी गई है।



