कोटा ने बनाया विश्व कीर्तिमान, विश्व के सबसे ऊंचे 233 फुट के पुतले का हुआ दहन

कोटा। राजस्थान में कोटा में 132वें राष्ट्रीय मेला दशहरा-2025 में विजयादशमी का दिन ऐतिहासिक पृष्ठों में दर्ज हो गया, जहां विश्व के सबसे ऊंचे रावण के 233 फुट के पुतले का दहन किया गया।

इस उपलब्धि के लिए कोटा का नाम एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ। एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि भुवनेश मथुरिया ने मुख्यमंत्री भजनलाल को विश्व कीर्तिमान में दर्ज किए जाने संबंधी प्रमाणपत्र सौंपा।

इस दौरान भजनलाल शर्मा ने इस उपलब्धि को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की सोच बताया। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी का अभिनंदन किया। इस ऐतिहासिक गर्व के पलों के हजारों लोग साक्षी बने।

मेला दशहरा में अब तक 72 से 75 फुट के रावण के पुतले बनते आए हैं, परन्तु लोकसभा अध्यक्ष बिरला की मंशा के अनुरुप इस बार 215 फुट का रावण का पुतला बनाया गया था। उल्लेखनीय है कि अभी दिल्ली के नाम 210 फुट का रावण का पुतला बनाने का रिकॉर्ड दर्ज था। जिसे अब कोटा ने अपने नाम कर लिया है।

मथुरिया ने कहा कि एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड गत 19 वर्ष से रिकार्ड दर्ज करने का काम कर रही है। जिसका मुख्यालय वियतनाम में है। यह भारत सरकार से पंजीकृत है। अब तक इण्डिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में 40 हजार प्रविष्टियां दर्ज हैं।