बूंदी में तालेड़ा पंचायत समिति का संविदाकर्मी 70 हजार रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

बूंदी। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बूंदी जिले की तालेड़ा पंचायत समिति में कार्यरत जूनियर टेक्निकल असिस्टेंट (संविदाकर्मी) भानुप्रताप सिंह को 70 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परिवादी से कराए गए कार्यों के बिलों के भुगतान से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार एसीबी की कोटा इकाई को इस संबंध में शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके द्वारा करवाए गए कार्यों के बिलों का भुगतान कराने के बदले संविदाकर्मी भानुप्रताप सिंह 70 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और इसके आधार पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को कथित रूप से 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।

एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसीबी की कार्रवाई से पंचायत समिति स्तर पर सरकारी कार्यों के बिलों के भुगतान में कथित रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार परिवादी के करीब 10 लाख रुपए के बिल फरवरी से लंबित थे। आरोप है कि बिलों का भुगतान कराने के लिए शुरुआत में 10 प्रतिशत कमीशन मांगा गया था, जिसे बाद में घटाकर सात प्रतिशत कर दिया गया। परिवादी ने 7 अक्टूबर को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्टों के मुताबिक, आरोपी पहले भी 10 हजार रुपए ले चुका था और शेष भुगतान के लिए 70 हजार रुपए की मांग की जा रही थी।

एसीबी की पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रकंवर के नेतृत्व में कोटा की टीम ने तालेड़ा पंचायत समिति कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ शुरू की गई है। मामले में सहायक अभियंता मुकेश सैनी की कथित भूमिका की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।