बांदीकुई में SDM के नाम पर 15000 रुपए रिश्वत लेते प्रयोगशाला सहायक अरेस्ट

1

दौसा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को दौसा जिले में बांदीकुई एसडीएम कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर लगे प्रयोगशाला सहायक आदित्य शर्मा को उपखण्ड अधिकारी रामसिंह राजावत के नाम पर 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी हेल्पलाइन नम्बर 1064 पर परिवादी की शिकायत मिली कि उसने मानसी बनाम शिवलखन वगैरह के नाम से एसडीएम कोर्ट बांदीकुई में गत 15 अप्रैल को एक दावा पेश किया था और एसडीएम ने इस पत्रावली में स्टे देने की एवज में 30 हजार रुपए की मांग अपने अधीन कार्यरत प्रतिनियुक्ति वाले कर्मचारी आदित्य शर्मा के मार्फत की है।

गुप्ता ने बताया कि इस पर एसीबी चौकी अलवर प्रथम द्वारा गत 17 अप्रैल को सत्यापन के दौरान 15 हजार रुपए की रिश्वत की मांग करना पाया गया। जिस पर ब्यूरो टीम द्वारा ट्रेप कार्यवाही करते हुए आदित्य शर्मा को उपखण्ड अधिकारी के नाम पर 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ एवं कार्यवाही जारी है।