अलवर। राजस्थान में अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में सोमवार देर शाम ट्रक की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहरुख (25) ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रकों के नीचे ग्रीस लगाने का काम करता था। कल शाम वह एक ट्रक के नीचे लेटकर ग्रीस लगा रहा था। इसी दौरान चालक ने ट्रक स्टार्ट करके आगे बढ़ा दिया। इससे ट्रक का पहिया सीधे शाहरुख के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रांसपोर्ट नगर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एनईबी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव जिला अस्पताल पहुंचाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चालक घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।



