बालोतरा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को बालाेतरा जिले की गुड़ामालानी तहसील में सर्किल नगर भू-अभिलेख निरीक्षक (आरआई) नारायण लाल को 20 हजार 500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी बाड़मेर को शिकायत मिली कि परिवादी के पिता सह-परिवादी चैनाराम के कृषि भूमि की नेखमबन्दी करने की ऐवज में परिवादी से 30 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है। इस पर शिकायत के सत्यापन के समय आरोपी ने चार हजार रुपए प्राप्त किये एवं शेष रिश्वत के 26 हजार रुपए देना तय हुआ।
इस पर एसीबी इकाई बाड़मेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र कुमार द्वारा एसीबी इकाई बाड़मेर कि टीम के साथ ट्रेप कार्यवाही करने पर आरोपी नारायणलाल ने परिवादी एवं सह-परिवादी से 26 हजार रुपए की रिश्वत प्राप्त की और इस दौरान सह-परिवादी के आग्रह पर इसमें 5500 रुपए वापस कर दिए।
उसी समय नारायणलाल को 20 हजार 500 रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ तथा कार्रवाई जारी हैं। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।



